उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जिला एवं विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों को विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों का दायित्व भी दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने नवनियुक्त प्रभारियों और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।
भंडारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जल्द ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रदेशभर में पार्टी की गतिविधियों को गति दी जाएगी।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार काम करने की अपेक्षा जताई।
भंडारी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास, अनुशासन, समर्पण और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सभी पदाधिकारी एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम करें।








