आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में संगठन निर्माण, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती, चुनावी तैयारियों और जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक से पहले प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने के.सी. वेणुगोपाल का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखंड की आस्था और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक चारधाम की पावन प्रतिमा भेंट की। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनोन्मुख बनाने के संकल्प को दोहराया।

बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे के बल पर पार्टी आगामी चुनावों में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। बैठक में संगठन को गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा सहित प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और सभी जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।