श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा का समापन हो गया। अंतिम अरदास और भारतीय सेना के बैंड की धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में जुटे चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की गुरुद्वारा प्रबंधन ने सराहना की।
यात्रा के दौरान दुर्गम पहाड़ी रास्तों और प्रतिकूल मौसम के बीच पुलिस व एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहे। व्यवस्थाओं और सहयोग के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन ने चमोली पुलिस के अधिकारियों को सम्मानित कर आभार जताया। इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र हेमकुंड साहिब के दर्शन किए।

