पांचवें अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 में शामिल देश-विदेश के साइकिलिस्टों ने भाग लिया। रविवार को बैजनाथ-ग्वालदम-थराली-नारायणबगड़-कर्णप्रयाग मार्ग से गुजरे साइकिलिस्टों के दल को पुलिस ने एस्कॉर्ट किया। साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात व्यवस्था संभाली।
20 नवंबर से शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर करीब 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। इसमें देश के करीब 18 राज्यों के माउंटेन साइकिलिस्टों के साथ विदेशी प्रतिभागी और भारतीय सेना, वायु सेना व आईटीबीपी के साइकिलिस्ट भी हिस्सा ले रहे हैं।
रविवार को प्रतियोगिता में शामिल साइकिलिस्टों का दल बैजनाथ, ग्वालदम, थराली, नारायणबगड़ और कर्णप्रयाग होते हुए चमोली जनपद से गुजरा। यहां से दल तिलवाड़ा, जनपद रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुआ। साइकिलिस्टों के सुरक्षित सफर के लिए जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस ने उन्हें एस्कॉर्ट किया। मार्ग में पड़ने वाले बाजारों, चौराहों और तिराहों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि यातायात सुचारु रहे और साइकिलिस्टों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पुलिस की मुस्तैदी के चलते साइकिलिस्टों का दल बिना किसी व्यवधान के निर्धारित मार्ग से सकुशल गुजरकर रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुआ। चमोली पुलिस का कहना है कि जनपद से गुजरने वाले यात्रियों, पर्यटकों और प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, ताकि वे उत्तराखंड से सुखद अनुभव लेकर लौटें।

