विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। इस पहल का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने के साथ जलीय जैव विविधता का संरक्षण और नदी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखना है।
मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। आमजन को गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में सहयोग करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसडीएम योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

