हरिद्वार में युवती की गला दबाकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि 28 जून को आस्था पथ स्थित झाड़ियों में एक युवती का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद नगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्धों की पहचान हुई, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी थीं।

बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध देहरादून की ओर से मोटरसाइकिल पर हरिद्वार आ रहे हैं। सूचना के आधार पर रोड़ीबेलवाला चौकी के पास समाधि क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रुकने का संकेत दिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिजनौर जिले के नहटौर निवासी जीशान के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी शाहनवाज, निवासी बिजनौर, मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने 28 जून को आस्था पथ पर युवती की गला दबाकर हत्या की थी।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
