मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहुउद्देशीय शिविरों में मिलने वाली जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन मामलों के समाधान में समय लगे, उनकी स्थिति के बारे में शिकायतकर्ता को स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी एवं किशोरी किट वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य केवल विभागीय स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है।

धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर ही प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। इस दौरान लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। सरकार की प्राथमिकता है कि शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान करे।

मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श जैसी सुविधाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्रवासियों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।