मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान एवं विधि दिवस पर अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। इस राशि का उपयोग नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने तथा आमजन को जागरूक करने के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में अभियोजन कार्यालयों का आधुनिकीकरण और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित संविधान एवं विधि दिवस कार्यक्रम में ये घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अभियोजन विभाग आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कर उन्हें न्यायालय में स्पष्ट और निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उनकी दक्षता और निष्पक्षता से ही न्याय व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन विभाग के कार्यालयों में कंप्यूटर और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अभियोजन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान अंगीकृत किया था। संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद किया।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की न्याय तक पहुंच आसान हो रही है। उन्होंने कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित करने और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने की बात भी कही।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 12 विभूतियों को विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। उन्होंने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन किया। साथ ही उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली और निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

