अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए विवाद में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद विनोद आर्य बृहस्पतिवार को खुद थाना राजपुर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से कहा कि यदि उनके खिलाफ मामला बनता है तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्होंने अपना नार्को टेस्ट कराने की पेशकश करते हुए अंकिता के माता-पिता समेत मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की।

दरअसल, अंकिता भंडारी के माता-पिता बुधवार शाम अपनी शिकायत लेकर देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात कर विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का आरोप था कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता और उसके एक मित्र के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए गए और बातचीत को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।

इस शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में इसे जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए हरिद्वार नगर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया।

एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को विनोद आर्य खुद थाना राजपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें भी एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली थी, इसलिए वह थाने आए हैं। यदि उनके खिलाफ आरोपों के आधार पर मामला बनता है तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे।

विनोद आर्य ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए उसके साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वह खुद नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अंकिता के माता-पिता और मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई किए जाने की बात कही।