चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिंता जताई है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर भेजी गई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और टनल की स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी जरूरी संसाधन मौके पर लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही है। स्थिति के अनुसार हर संभव कदम उठाया जा रहा है।
