चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की। उन्होंने दोनों राज्यों के टनल में फंसे श्रमिकों की स्थिति की जानकारी दी और राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य प्रभावित श्रमिकों के लिए भी रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बचाव कार्य में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
रेस्क्यू श्रमिकों का उपचार जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरक्षित निकाले गए श्रमिकों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ उपचार, दवाइयां, भोजन और रहने की व्यवस्था भी की जा रही है। किसी श्रमिक को उच्च चिकित्सा संस्थान भेजने की आवश्यकता होने पर उसकी भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
धामी ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। दोनों राज्यों के साथ लगातार समन्वय कर आवश्यक सूचनाएं साझा की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और राज्य सरकार का पूरा तंत्र श्रमिकों की सुरक्षा, उपचार और सहायता के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है।
