मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभालते हुए लगातार निगरानी कर रहे हैं।
टनल में फंसे लोगों में से अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, अन्य लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना समेत अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीमों की ओर से टनल के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने मौके पर अधिकारियों और बचाव दलों से स्थिति की जानकारी ली और सभी टीमों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से अभियान चलाने के निर्देश दिए। घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं भी जुटाई जा रही हैं।
प्रशासन की ओर से टनल में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
