बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर ने आज ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे। यहां उन्होंने दिव्य और भव्य गंगा आरती में सहभागिता कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।
इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती ने दोनों अतिथियों का पुष्पहार और रूद्राक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत और आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कपूर बंधुओं को धर्म, सेवा, संस्कार और संवेदना से युक्त फिल्मों के निर्माण हेतु प्रेरित किया।
गंगा आरती के पावन अवसर पर अनिल कपूर और बोनी कपूर ने अपने माता-पिता – सुरिंदर कपूर और निर्मल कपूर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
दोनों ने भावुक होते हुए कहा कि हमारे जीवन में जो भी मूल्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना है, वह हमें माता-पिता से विरासत में मिली है। आज यह स्थान और यह आरती हमें उनकी याद दिला रही है। अनिल कपूर ने परमार्थ निकेतन के आध्यात्मिक वातावरण को “शांति और प्रेरणा देने वाला” बताया।