Uttarakhand: कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना, येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई पर्वतीय और मैदानी जिलों में अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 15 से 16 मई सुबह 11:55 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जनपदों में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलने, आंधी आने और बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई गई है।

विभाग ने विशेष रूप से डीडीहाट, कपकोट, कौसानी, केदारनाथ, देवप्रयाग, डोईवाला, बरकोट, बद्रीनाथ, रानीखेत, जोशीमठ और देवाल समेत आसपास के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी यात्रियों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *