मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अरीना रघुवंशी से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अरीना रघुवंशी की यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अरीना को उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम मिला है। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां लगातार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। अरीना की सफलता भी इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने अरीना के परिवार और शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
