उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत राज्य के युवाओं को मिलने वाले लाभ की शुरुआत हो गई है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान, पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले तीन युवाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान किया है।
परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग के प्रवीण सेमवाल को 65,682 रुपये, चमोली की कविता को 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के देवेश भट्ट को 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान, पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन करने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति दी जाती है।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य राज्य के रचनात्मक युवाओं को फिल्म एवं टेलीविजन क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहयोग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
