कांवड़ मेला के चौथे दिन हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मेला पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार रविवार को 31 लाख 50 हजार कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों की संख्या 76 लाख 85 हजार पहुंच गई है।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं की विशेष निगरानी की जा रही है।

प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों का पालन करने, पुलिस और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित कांवड़ यात्रा में सहयोग करने की अपील की है।