बदरीनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने यात्रा इतिहास के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 22 सितंबर तक 17 लाख 79 हजार 805 श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। खास बात यह है कि यात्रा के कपाट बंद होने में अभी करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय शेष है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा ने 153 दिनों में ही यह नया रिकॉर्ड बनाया है।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2000 में बदरीनाथ धाम में 6 लाख 95 हजार 332 श्रद्धालु पहुंचे थे। वर्ष 2007 में यह संख्या बढ़कर 7 लाख 68 हजार 107 हुई। वर्ष 2008 और 2010 में श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंची, लेकिन वर्ष 2014 की आपदा के चलते यह आंकड़ा घटकर 1 लाख 59 हजार 575 रह गया।
वर्ष 2018 में 10 लाख 48 हजार 51 और 2019 में 12 लाख 44 हजार 993 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कोरोना काल में वर्ष 2020 में 1 लाख 55 हजार 55 और 2021 में 1 लाख 99 हजार 409 श्रद्धालु ही धाम पहुंचे।
वर्ष 2022 के बाद यात्रा प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2022 में 17 लाख 63 हजार 578, 2023 में 17 लाख 80 हजार 429, 2024 में 17 लाख 74 हजार 264 और 2025 में 17 लाख 78 हजार 298 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।
अब 2026 में यह आंकड़ा 17 लाख 79 हजार 805 पहुंच गया है। मौसम में सुधार के साथ धाम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ रही है। मंगलवार को 6,685 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए।
