उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2027 के संस्थागत परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 4 अगस्त कर दी है। परिषद ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्रों का शत-प्रतिशत डाटा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि 4 अगस्त के बाद डाटा अपडेशन की तिथि किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ाई जाएगी और इसके बाद किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि बोर्ड ने 15 जुलाई से 31 जुलाई तक डाटा अपडेशन के लिए पोर्टल खोला था, लेकिन कुछ विद्यालय निर्धारित अवधि में यह कार्य पूरा नहीं कर सके। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परिषद ने अंतिम अवसर देते हुए तिथि का विस्तार किया है, ताकि किसी भी छात्र को बोर्ड परीक्षा से संबंधित परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि 4 अगस्त के बाद परिषद द्वारा डाटा अपडेशन की समय-सीमा में कोई और विस्तार नहीं किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों को नामावली तैयार करने का विकल्प भी 4 अगस्त से उपलब्ध कराया जाएगा।
सचिव ने बताया कि कक्षा 10 और 12 के संस्थागत विद्यार्थियों के नवीन पंजीकरण एवं स्थानांतरण के लिए पोर्टल 11 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के नवीन पंजीकरण के लिए पोर्टल 25 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।
परिषद ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर डाटा अपडेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराना सुनिश्चित करें, ताकि बोर्ड परीक्षा की पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बोर्ड परीक्षार्थियों का डाटा समय पर और त्रुटिरहित अपलोड होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यालयों से निर्धारित समय सीमा के भीतर डाटा अपडेट करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, समयबद्ध और छात्रहितैषी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
