विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के धार्मिक कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचे और विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इससे पहले मंगलवार को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने केदारनाथ मंदिर में प्रवेश किया। इसके साथ ही धाम में कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार सुबह निर्धारित शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पैदल मार्ग और धाम क्षेत्र में भी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी न हो।
उधर, पुलिस विभाग ने भी कपाट बंद होने के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा और आपातकालीन सेवाएं मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग सहित विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय और सुलभ के अधिकारियों को भी अपने-अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कपाट बंद होने का धार्मिक आयोजन परंपराओं के अनुरूप सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

