विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम की वर्ष की यात्रा का 11 नवंबर को समापन हो गया। 22 अप्रैल से शुरू हुई 204 दिनों की यात्रा के दौरान देश-विदेश से पहुंचे कुल 19,33,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। यात्रा के समापन के साथ ही इस वर्ष आस्था और भक्ति का एक और अध्याय संपन्न हो गया।
केदारनाथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे यात्रा काल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। यात्रा के अंतिम दिन कपाट बंद होने के साथ ही धाम में दर्शन का सिलसिला भी शीतकाल के लिए थम गया।
उत्तराखंड पुलिस ने यात्रा के सफल समापन पर श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे सभी श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में सहयोग करना उनके लिए सेवा का अवसर रहा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं को संदेश दिया, “छह महीने बाद फिर मिलेंगे बाबा… बुलावा आपका होगा, इंतजार हमारा रहेगा।” साथ ही सभी श्रद्धालुओं के सुखद और सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए जय बाबा केदार और हर-हर महादेव का जयघोष किया।

