विश्वप्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) गांव के लिए रवाना हुई। अब छह माह तक श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में ही दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया था। निर्धारित मुहूर्त पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस दौरान धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने मां यमुना के जयकारे लगाए और सुख-समृद्धि की कामना की।

कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली को पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। शनिदेव महाराज की अगुवाई में ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों और सैकड़ों श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया। डोली के खरसाली पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां यमुना की पूजा-अर्चना की जाएगी।

शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में श्रद्धालु मां के दर्शन कर सकेंगे। उत्तरकाशी पुलिस ने चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए आगामी शीतकालीन यात्रा और अगले वर्ष यमुनोत्री व गंगोत्री धाम आने वाले यात्रियों का स्वागत किया है।