मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए 52.55 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने, धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण सहित क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड के युवा भी खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य पूरे कराए गए हैं। दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन और डामरीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता है। पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत की जा रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है। उन्होंने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, होमस्टे और नई पर्यटन नीति जैसी योजनाओं से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
क्षेत्र के लिए ये घोषणाएं कीं
मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने का भी ऐलान किया। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगों पर भी विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद कर साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में योगदान देने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, दर्जा राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल्ल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

