Uttarakhand: राज्यपाल ने किए बदरीविशाल के दर्शन, मास्टर प्लान कार्यों का लिया जायजा

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने शनिवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्रीविशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। साथ ही धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी लेकर स्थलीय निरीक्षण भी किया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ धाम पहुंचे राज्यपाल का स्वागत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने किया। इसके बाद वे बदरीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनका अभिनंदन किया।

मंदिर में दर्शन के दौरान राज्यपाल ने तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सूक्ष्म पूजा-अर्चना की तथा मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

राज्यपाल ने धाम में रिवर फ्रंट और मंदिर परिसर में चल रहे मास्टर प्लान कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से बातचीत कर उनके सुझाव भी सुने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने तीर्थयात्रियों के अनुशासन को भी अनुकरणीय बताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने धाम में चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन, स्थानीय नागरिकों और सभी संबंधित पक्षों के सहयोग की प्रशंसा की। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भक्ति भाव और अनुशासन के साथ दर्शन करें तथा यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग बनाए रखें।

राज्यपाल ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों को यात्रा की स्मृति के रूप में खरीदने का भी आह्वान किया, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *