उत्तराखंड के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक बालक एवं बालिकाएं अब पेशेवर खेल प्रशिक्षण की दिशा में अपनी यात्रा प्रारंभ कर सकते हैं। राज्य सरकार द्वारा संचालित इन आवासीय खेल विद्यालयों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी और आइस स्पोर्ट्स जैसी खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ में एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत में बालिकाओं को एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बॉक्सिंग में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की आयु 10 से 13 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। केवल वही छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2016 के बीच हो। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का उत्तराखंड का मूल अथवा स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल और खेल प्रवीणता का परीक्षण किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राज्य वित्तपोषित आवासीय खेल विद्यालयों में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
खेल विभाग के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं तथा ऑफलाइन आवेदन पत्र भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित की गई है और आवेदन शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रारंभिक स्तर से ही बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों के लिए तैयार करना है।
