चारधाम यात्रा में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में रिकॉर्ड 18.92 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद दोनों धामों में यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रही। यात्रा के सफल संचालन पर यमुनोत्री मंदिर समिति ने उत्तरकाशी पुलिस के प्रबंधन और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के नेतृत्व की सराहना की है।

चारधाम यात्रा अवधि में इस वर्ष श्री यमुनोत्री धाम में 8,84,841 और श्री गंगोत्री धाम में 10,07,177 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। दोनों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या को देखते हुए पुलिस के सामने यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद पुलिस ने बेहतर समन्वय और प्रभावी रणनीति के साथ यात्रा का संचालन किया।

यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर समिति के प्रवक्ता एवं रावल पुरुषोत्तम उनियाल ने उत्तरकाशी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यमुनोत्री धाम में करीब 8.84 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद पुलिस ने यात्रा संचालन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए सराहनीय कार्य किया। इसका श्रेय उन्होंने पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के कुशल नेतृत्व और प्रभावी रणनीति को दिया।

उन्होंने कहा कि गंगोत्री और यमुनोत्री दोनों धामों में श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक संख्या के बावजूद यातायात, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रही। इससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिला। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन के लिए उत्तरकाशी पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा की।