उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश में यह प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके तहत 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित और संकलित करेंगे।
बीएलओ का प्रशिक्षण और फार्मों की छपाई पूरी
सचिवालय में मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ का तीन चरणों में प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है। साथ ही गणना फार्मों की शत-प्रतिशत छपाई का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
एक माह तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान
उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करेंगे और उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त करेंगे। इसी अवधि में फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
घर पर नहीं मिलने पर तीन बार पहुंचेगा बीएलओ
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार जाकर संपर्क करने का प्रयास करेगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। वहीं, 14 जुलाई से 11 सितंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
79.60 लाख मतदाताओं को मिलेंगे गणना फार्म
डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि प्रदेश के 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से फार्म डाउनलोड कर सकते हैं और उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
नए मतदाता भी करा सकेंगे पंजीकरण
उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई भी पात्र व्यक्ति, जिसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकता है। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के दौरान ऐसे आवेदनों पर विचार किया जाएगा।
‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू
मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर भी शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता एक क्लिक पर अपने बीएलओ से बातचीत के लिए कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक करने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।
वेबसाइट और ऐप से मिलेगी पूरी जानकारी
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता या पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा गली, मोहल्ला और क्षेत्रवार खोज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
