सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने माणा से इनर लाइन परमिट क्षेत्र माणा पास तक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के सत्यापन, सेना-आईटीबीपी-बीआरओ के बीच समन्वय और देवताल में पर्यटकों की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और अन्य निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों व कर्मचारियों से सड़क निर्माण की प्रगति, कार्यस्थल की व्यवस्थाओं और आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। बीआरओ के ओ/आईसी मदन कुमार से भी निर्माण कार्यों की स्थिति और चुनौतियों पर चर्चा की।

एसपी ने निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों और श्रमिकों के सत्यापन की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए इनर लाइन परमिट और सत्यापन से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी समस्या की स्थिति में स्थानीय पुलिस और सेना से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने सीमांत क्षेत्र में तैनात सेना, आईटीबीपी और बीआरओ के अधिकारियों व जवानों से भी मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था और आपसी समन्वय पर चर्चा की। देवताल क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

भविष्य में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर संभावित भ्रमण मार्ग और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी गई। इस दौरान एसपी ने देवताल स्थित वीरेश्वर महादेव के दर्शन कर क्षेत्र की धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।