Uttarakhand: बद्रीनाथ धाम में जवानों ने चलाया स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पुलिस,  आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा संयुक्त सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मंदिर परिसर, तप्त कुंड और अलकनंदा नदी के तटों पर व्यापक सफाई की गई।

स्वच्छता अभियान के दौरान जवानों ने विभिन्न स्थानों से प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। इसके साथ ही धाम पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

जवानों ने यात्रियों से अपील की कि वे कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और नदी किनारों या सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री न फेंकें। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर भी है, जिसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटी हुई हैं। अभियान में शामिल जवानों ने स्वच्छ धाम, सुरक्षित धाम का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता को आवश्यक बताया।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *