Uttarakhand:  केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

पुष्कर सिंह धामी ने आज श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हॉस्पिटल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी की ओर से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। यह अस्पताल न केवल यात्रियों बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी साबित होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश में लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है, और इसी भावना के साथ सरकार देवभूमि में स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ कर रही है।

कार्यक्रम में आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस दौरान भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, कर्नल अजय कोठियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *