श्री केदारनाथ धाम यात्रा से लौट रहे दो युवक शॉर्टकट रास्ता अपनाने के दौरान नदी किनारे दुर्गम क्षेत्र में फंस गए। समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि रामबाड़ा से ऊपर नदी क्षेत्र में दो युवक फंसे हुए हैं और स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ हैं। सूचना मिलते ही चौकी भीमबली से पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने नदी किनारे फंसे दोनों युवकों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम राहुल गुप्ता (21 वर्ष) पुत्र चेतन गुप्ता तथा कुणाल शर्मा (20 वर्ष) पुत्र महेश चंद शर्मा निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश बताए।
युवकों ने पुलिस को बताया कि वे केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। जल्दी पहुंचने के उद्देश्य से उन्होंने मुख्य पैदल मार्ग छोड़कर एक शॉर्टकट रास्ते का इस्तेमाल किया और नदी की ओर उतर गए। कुछ दूरी तय करने के बाद वे दुर्गम चट्टानों और तेज बहाव के बीच फंस गए, जहां से बाहर निकलना संभव नहीं हो पा रहा था।
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद दोनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं से भी अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी परिस्थिति में मुख्य मार्ग न छोड़ें और अनजान शॉर्टकट रास्तों का प्रयोग न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
