देहरादून जनपद में देर रात से हो रही भारी बारिश के चलते स्वारना नदी का जलस्तर अचानक से बढ़ गया। जिससे ट्रैकिंग पर गए यूपीईएस के छह छात्र जंगल मे फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने छात्रों को रेस्क्यू कर सकुशल वहां से निकाला। बताया जा रहा सभी छात्र ट्रैकिंग के लिए मिसरास पट्टी के थान गांव स्थित स्वारना नदी क्षेत्र में गए थे। लौटते समय अचानक तेज बारिश होने से नदी का जलस्तर बढ़ गया और उनका वापस लौटना मुश्किल हो गया।
छात्रों के जंगल में फंसे होने की सूचना मिलते ही डाकपत्थर से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। दुर्गम क्षेत्र और नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण टीम को करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सभी छह छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रेस्क्यू किए गए सभी छात्र यूपीईएस के बताए गए हैं और उनकी हालत सामान्य है। एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बारिश के मौसम में लोगों से नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग या अन्य साहसिक गतिविधियों पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देख लें और प्रतिकूल मौसम में जोखिम न उठाएं।
