महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत किया। प्रतियोगिता 17 से 20 अगस्त तक आयोजित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि उसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला। ऐसे आयोजन प्रदेश की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में मजबूत करेंगे। साथ ही खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन असली सफलता कभी हार न मानने के जज्बे में है।
आठ शहरों में बनेंगी 23 खेल अकादमियां
सीएम ने कहा कि प्रदेश को खेलों में अग्रणी बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी के बाद अब प्रदेश अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सक्षम बन रहा है। स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।
हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर काम चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर, खेल छात्रवृत्ति और आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा-प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विंटर, आइस, एडवेंचर और वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा दे रही है। लक्ष्य उत्तराखंड को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाना है।
