उत्तराखंड को रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ ही यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प बनेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह केवल नई रेल सेवा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि रामनगर से देहरादून तक चलने वाली यह एक्सप्रेस काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को भी सीधी और सुगम रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि रेलवे हरित और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जो धार्मिक पर्यटन, आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है, जबकि वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश को रेलवे अवसंरचना विकास हेतु रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के समग्र विकास का मजबूत आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इसे प्रतिदिन संचालित करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी।

रेल मंत्री ने उत्तराखंड में रेलवे विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि राज्य को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।