उत्तराखंड में भाजपा सरकार की नीतियों, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की न्याय यात्रा के दूसरे दिन प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांग्रेस नेताओं ने यात्रा के दौरान जनता के बीच पहुंचकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और 27 अक्टूबर को गैरसैंण में होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित न्याय यात्रा के तहत प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला के नेतृत्व में नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर और रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम हुए। वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई।
इसी क्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित की गई। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में हरिद्वार शहर और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यक्रम हुए।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि न्याय यात्रा में लोगों की भागीदारी प्रदेश सरकार के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता परेशान है। महिला सुरक्षा, युवाओं के मुद्दों, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए।
पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहें और 27 अक्टूबर को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी की है।

