केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने शनिवार को क्षेत्र के सल्या, ल्वाणी, घुत्तू, खेड़ा और तुलंगा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को सुना, विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी और अधिकारियों के साथ घुत्तू-तुलंगा-खेड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों को क्षेत्र में संचालित और प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों के साथ घुत्तू-तुलंगा-खेड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।
आशा नौटियाल ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की आधारशिला है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और प्रत्येक गांव तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुबोध राणा, भाजपा जिला महामंत्री राय सिंह राणा, अधिशासी अभियंता योगेश कोठियाल, अवर अभियंता बीरेंद्र फ़र्स्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह, विपिन सेमवाल, कलम सिंह तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
