उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में अगले 24 घंटे हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं पर्वतीय जनपदों में 12 और 13 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम के मिजाज को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। यात्रियों और पर्यटकों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें।