एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से जनता परेशान, सरकार के दावे खोखले: गणेश गोदियाल

प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि सरकार जहां स्थिति सामान्य होने का दावा कर रही है, वहीं गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से शाम तक लग रही लंबी कतारें इन दावों की पोल खोल रही हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने कहा कि पहले गैस सिलेंडर बुक कराने पर दो से चार दिन में डिलीवरी हो जाती थी, लेकिन अब शहरी क्षेत्रों में करीब 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों के फोन नंबर भी नहीं लग रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

गोदियाल ने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी से पैदा हुई स्थिति के लिए राज्य की डबल इंजन सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि जब इस विषय पर विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने सवाल उठाया तो संबंधित मंत्री ने इसे केंद्र सरकार का विषय बताकर पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है तो प्रदेश के लोगों की समस्याओं को लेकर केंद्र से प्रभावी पैरवी करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।

महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना

गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज हालात यह हैं कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 560 रुपये से बढ़कर 1000 रुपये के पार पहुंच गई है। वहीं पेट्रोल, जो पहले करीब 63 रुपये प्रति लीटर मिलता था, अब 95 रुपये से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि महंगाई से आम जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है।

होटल और ढाबा कारोबार भी प्रभावित

कांग्रेस नेता ने कहा कि घरेलू गैस के साथ-साथ कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भी भारी किल्लत हो रही है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार प्रभावित होने लगा है। बताया कि केंद्र सरकार की नई एडवाइजरी और बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पिछले तीन-चार दिनों से एजेंसियों तक पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कई छोटे रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया है और कुछ को मजबूरी में खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ाने पड़े हैं। कारोबारियों का कहना है कि यदि गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो इसका असर बाजार और महंगाई दोनों पर पड़ सकता है।

विदेश नीति पर भी उठाए सवाल

गणेश गोदियाल ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज देश की नीतियों और व्यापारिक निर्णयों पर बाहरी दबाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट और स्वतंत्र नीति अपनानी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं हुआ और आम जनता को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ा तो कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

यह जानकारी कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह की ओर से जारी बयान में दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *