Uttarakhand: हरिद्वार में बड़ा हादसा टला, गंगा पार करने उतरे युवक को पीएसी जवानों ने बचाया

हरिद्वार के विष्णु घाट पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक युवक गंगा नदी को तैरकर पार करने के प्रयास में बीच धारा में फंस गया। तेज बहाव और थकान के चलते युवक पुल के पास लगी लोहे की चैन पकड़कर मदद के लिए आवाज लगाने लगा।

घटना के दौरान घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। राहत दल के जवानों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गंगा का बहाव काफी तेज था और युवक की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। समय रहते राहत दल की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने पीएसी जवानों की तेजी और साहस की जमकर सराहना की।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न लें तथा सुरक्षा मानकों और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से बरसात और बढ़ते जलस्तर के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *