कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और गायक को टोकते हुए अपनी नाराजगी जताई। मंत्री ने कहा कि उन्हें मेले में इसलिए बुलाया गया है, ताकि लोग मनोरंजन कर सकें। उन्होंने कहा कि बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए, लेकिन गायक से ठीक से बोला भी नहीं जा रहा है तो वह गाना क्या गाएंगे। इस पर दलेर मेहंदी ने मंत्री से पंडाल में बैठने का अनुरोध करते हुए कहा कि उन्हें सम्मान के साथ बुलाया गया है और वह अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।

कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए। इसके बाद वह मंच पर पहुंचे और गायक को टोकते हुए अपनी बात रखी। मंत्री ने कहा कि दर्शकों के मनोरंजन के लिए कलाकार को बुलाया गया है और उन्हें अपने नाम के अनुरूप प्रस्तुति देनी चाहिए।

मंत्री की टिप्पणी पर दलेर मेहंदी ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘सर, आपने मुझे इज्जत से बुलाया है। आपसे रिक्वेस्ट है कि आप पंडाल में बैठ जाएं, हम अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।’ इस दौरान पंडाल में मौजूद दर्शकों के बीच भी हलचल बनी रही।

दर्शक मनवीर सिंह, राजेंद्र सिंह और सूरत सिंह आदि के अनुसार, इस घटनाक्रम के दौरान पंडाल में दर्शकों की ओर से खूब हल्ला होता रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुई इस नोकझोंक ने मेले की शाम को चर्चा का विषय बना दिया।