दशहरा पर्व पर मेला स्थलों और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने यातायात डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है। बीएचईएल के सेक्टर-1 और सेक्टर-4, ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल, चमगादड़ टापू मैदान और मोतीचूर-दूधाधारी क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। इन स्थानों पर वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हालांकि, सामान्य परिस्थितियों में यातायात यथावत संचालित रहेगा। भीड़ बढ़ने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, दशहरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है। वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने की अपील की गई है।

इन स्थानों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध

सेक्टर-4, बीएचईएल: सेक्टर-4 चौक से स्वर्ण जयंती पार्क चौक और शॉपिंग सेंटर से सेक्टर-4 चौक के बीच सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सिडकुल की ओर से आने वाले वाहन सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 और स्वर्ण जयंती पार्क होते हुए भगत सिंह चौक व रानीपुर मोड़ की ओर जाएंगे। दूसरी ओर से आने वाले वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे। यहां सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 और स्वर्ण जयंती पार्क के सामने खाली मैदान में करीब 300 वाहनों की पार्किंग होगी।

सेक्टर-1, बीएचईएल: सेक्टर-1 चौक से स्टेट बैंक तिराहे के बीच सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आपातकालीन वाहनों को छूट दी गई है। स्वास्थ्य केंद्र सेक्टर-2 और मानव संसाधन विकास केंद्र के सामने खाली मैदान में करीब 400 वाहनों की पार्किंग बनाई गई है।

जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर: जटवाड़ा पुल चौक से नहर पटरी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रानीपुर झाल नहर पटरी की ओर से आने वाले वाहनों को रेगुलेटर पुल के समीप पार्क कराया जाएगा। यहां करीब 150 वाहनों की पार्किंग क्षमता है।

चमगादड़ टापू मैदान: जयराम मोड़ से भीमगोड़ा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। भीमगोड़ा और हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों को हनुमान वाटिका से चमगादड़ टापू के पिछले हिस्से में पार्क कराया जाएगा। यहां करीब 400 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था है।

मोतीचूर-दूधाधारी क्षेत्र: मोतीचूर रेलवे स्टेशन तिराहे से दूधाधारी तिराहे के बीच वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दूधाधारी तिराहे से खड़खड़ी और सूखी नदी तिराहे से दूधाधारी तिराहे की ओर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे। इन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। खड़खड़ी की ओर से आने वाले वाहनों को मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास सड़क के दोनों ओर और हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों को दूधाधारी फ्लाईओवर के नीचे खाली स्थान पर पार्क कराया जाएगा। यहां करीब 400 वाहनों की पार्किंग क्षमता है।

पुलिस की अपील

हरिद्वार पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, सड़क किनारे पार्किंग से बचने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धैर्य बनाए रखने को कहा है। पुलिस का कहना है कि दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें।