मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग को योजनाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभाग की सभी योजनाएं केवल वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित न रहें, बल्कि अगले 25 वर्षों की चुनौतियों और जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाएं। उन्होंने 60 वर्ष की आयु पूरी करते ही पात्र नागरिकों को स्वतः वृद्धावस्था पेंशन का लाभ देने की व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने जून-2026 की विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं के तहत 9.80 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में एक क्लिक के माध्यम से करीब 145.42 करोड़ रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की।

शासकीय आवास सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि वे समय के साथ भी प्रभावी बनी रहें और अन्य राज्यों के लिए भी ‘बेस्ट प्रैक्टिस’ का उदाहरण बनें। उन्होंने योजनाओं के बेहतर समन्वय (इंटीग्रेशन), वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को भी कहा। उन्होंने बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास, डोईवाला (देहरादून), बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास, पाइनस (नैनीताल) तथा बाबू जगजीवन राम बालिका छात्रावास, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) के निर्माण कार्य हर हाल में अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत माह जून-2026 की देय पेंशन राशि का डीबीटी (वन क्लिक) के माध्यम से वितरण भी किया। उन्होंने कुल 9,80,950 लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 145 करोड़ 42 लाख रुपये सीधे हस्तांतरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी और प्रभावी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था विकसित करना है, जो आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को भी पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है और सरकार इन्हें सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री खजान दास, समाज कल्याण सचिव तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।