चमोली जिले की सुरम्य और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग की ओर से भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जाएगा। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 117 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वहीं, मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 धावकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में पांच, दस और 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
इससे पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोक संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में दायित्वधारी हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, गृह सचिव शैलेश बगौली, पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय सेना और आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
