श्री बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हुई हेराफेरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला मंदिर परिसर में उपवास पर बैठ गए। अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शुरू किए गए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस ने इस आंदोलन की घोषणा एक दिन पहले सोमवार को की थी।

मंगलवार सुबह विधायक लखपत बुटोला अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ श्री बदरीनाथ मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से उपवास शुरू किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की पारदर्शी जांच की मांग की।

विधायक बुटोला ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े श्री बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।

उन्होंने मांग की कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उपवास के दौरान मंदिर परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर किया जा रहा है।