उत्तराखंड में मौसम के तेवर फिर तल्ख होने लगे हैं। मौसम विभाग के भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने नौ जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, टिहरी और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके मद्देनजर संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन को बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क बाधित होने, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों व गदेरों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह भी दी गई है।


