चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। शनिवार को बचाव दल ने एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है।

टनल में अब दो अन्य श्रमिकों की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है। रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चला रही हैं। टनल में जमा पानी को बाहर निकालने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंप समेत अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि बचाव दल को टनल के अंदर आवाजाही में आसानी हो और लापता श्रमिकों तक पहुंचा जा सके।

जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से अभियान में जुटी हैं। मौके पर आवश्यक संसाधन और तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रशासन ने लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। संभावित सभी स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार श्रमिकों तक पहुंचने के लिए बचाव दल पूरी तत्परता से जुटे हैं और हर संभव प्रयास किया जा रहा है।