उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। 14 से 17 अगस्त तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।

14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस पर सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

17 अगस्त को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम देखकर ही करें यात्रा

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के पास न जाने तथा आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है। प्रशासन को राहत एवं बचाव की तैयारियां पूरी रखने और स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।