प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी आपदा प्रबंधन एवं राहत एजेंसियों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ हाई अलर्ट पर रहने को कहा। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।