विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में व्यस्तता के कारण महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कामकाज पर पड़ रहे असर को लेकर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने केंद्र पर विभागीय कार्यों का निष्पादन करेगी। साथ ही अगस्त के अंत तक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 438 और सहायिकाओं के 2,773 रिक्त पदों पर शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विभाग की अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित हैं और उनकी प्रतिदिन ऑनलाइन मॉनिटरिंग होती है। यदि डाटा फीडिंग में लापरवाही बरती गई तो भविष्य में विभाग को मिलने वाला बजट प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने विभागीय सचिव को निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर यह सुनिश्चित कराया जाए कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बीएलओ के रूप में कार्य करने के साथ-साथ प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने केंद्र पर रहकर विभागीय कार्यों का निस्तारण करें।
बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्यकत्रियों के 438 और सहायिकाओं के 2,773 पदों पर अगस्त माह के अंत तक नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद प्रदेश में इन दोनों श्रेणियों के सभी स्वीकृत पद भर जाएंगे।
रेखा आर्या ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनने की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई के अंत तक सभी बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों का नियमित वजन कराने, पोषण ट्रैकर ऐप पर समयबद्ध डाटा अपलोड करने, सभी केंद्रों तक समय पर पोषण सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली, पेयजल, शौचालय और रसोई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
