Uttarakhand: राज्यपाल से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, कानून व्यवस्था और नर्सिंग अभ्यर्थियों के मुद्दे उठाए

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात की। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था और नर्सिंग अभ्यर्थियों से जुड़े मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से आग्रह किया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही नर्सिंग अभ्यर्थियों के मामले में स्वास्थ्य महानिदेशक द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने के लिए राज्य सरकार को निर्देशित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक लखपत सिंह बुटोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेंद्र शाह, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अमरेंद्र सिंह बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, वीरेंद्र पोखरियाल, ओमप्रकाश सती, अमरजीत सिंह और अखिलेश उनियाल सहित कई कांग्रेस नेता शामिल रहे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठा रही है और राज्य सरकार को जनहित में त्वरित निर्णय लेने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *